मुहर्रम को लेकर दरभंगा पुलिस-प्रशासन का फ्लैग मार्च, शहर से गांव तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मुहर्रम को लेकर दरभंगा पुलिस-प्रशासन का फ्लैग मार्च, शहर से गांव तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मुहर्रम को लेकर दरभंगा पुलिस-प्रशासन का फ्लैग मार्च, शहर से गांव तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक फ्लैग मार्च एवं एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस लाइन, दरभंगा से हुई। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लहेरियासराय, नगर एवं कोतवाली थाना के थानाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। मार्च पुलिस लाइन से निकलकर लहेरियासराय टॉवर चौक, चिल्ड्रेन पार्क, पंडासराय, पोलो ग्राउंड, हाजमा चौक, नाका नंबर-06, नीम चौक, दरभंगा टॉवर, मिर्जापुर चौक, विश्वविद्यालय क्षेत्र, कादिराबाद, आजमनगर, शिवधारा, बाजार समिति, दिल्ली मोड़, बेला मोड़, विद्यापति चौक, दरभंगा रेलवे स्टेशन, दोनार, अल्लपट्टी और कर्पूरी चौक सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों से होकर गुजरा।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से संवाद कर अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मुहर्रम को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में बिरौल, अलीनगर एवं घनश्यामपुर थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन किया गया। पुलिस बल ने विभिन्न गांवों एवं बाजार क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुहर्रम के दौरान जिले भर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सतत गश्ती एवं विशेष निगरानी की व्यवस्था की जा रही है ताकि पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।