लहेरियासराय थाना में एसएसपी की समीक्षा बैठक, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दरभंगा ने गुरुवार को लहेरियासराय थाना में लंबित कांडों की समीक्षा को लेकर अनुसंधान बैठक की। बैठक में थानाध्यक्ष, पर्यवेक्षी पदाधिकारी सहित थाना के सभी अनुसंधानकर्ता एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान एसएसपी ने थाना में दर्ज लंबित मामलों की प्रगति का जायजा लिया और अनुसंधानकर्ताओं को कांडों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय से वारंट, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाई जाए।

बैठक के दौरान जमानतीय पंजी, अजमानतीय पंजी, कांड दैनिकी पंजी, आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क पंजी, लोक शिकायत पंजी, केश डायरी तथा वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की पंजियों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।

एसएसपी ने 90 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का अनुसंधान जल्द पूरा करने, कांड दैनिकी नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने और शराब माफियाओं के क्रय-विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार समीक्षा बैठक का उद्देश्य लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाना, अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाना तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।