मुहर्रम को लेकर दरभंगा में हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च; 515 से अधिक स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर लहेरियासराय टावर, पंडासराय, लोहिया चौक, दरभंगा टावर, बाजार समिति, दिल्ली मोड़, कादिराबाद, रेलवे स्टेशन, अल्लपट्टी और बेंता सहित कई प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान आम लोगों को शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार मुहर्रम के दौरान सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। जिले के 515 से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और हजारों की संख्या में सशस्त्र पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिलेवासियों से मुहर्रम पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला ने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।