मुहर्रम जुलूस के दौरान कई इलाकों में बिजली रहेगी बंद, विभाग ने जारी किया शटडाउन शेड्यूल
मुहर्रम जुलूस के दौरान कई इलाकों में बिजली रहेगी बंद, विभाग ने जारी किया शटडाउन शेड्यूल
मुहर्रम जुलूस के दौरान कई इलाकों में बिजली रहेगी बंद, विभाग ने जारी किया शटडाउन शेड्यूल
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
मुहर्रम पर्व के अवसर पर 26 जून को निकलने वाले ताजिया एवं जुलूसों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दरभंगा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (शहरी), दरभंगा ने शटडाउन का विस्तृत कार्यक्रम जारी करते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति ने बताया कि जुलूस मार्गों के आसपास सुरक्षा कारणों से विभिन्न फीडरों की बिजली आपूर्ति अलग-अलग समयावधि के लिए बंद रखी जाएगी। विभाग के अनुसार डीएमसीएच विद्युत शक्ति उपकेंद्र के फीडर संख्या-3 एवं 4 में शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक, फीडर संख्या-5 में रात 11 बजे तक, फीडर संख्या-6 में रात 12 बजे तक तथा फीडर संख्या-2 में रात 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
इसी प्रकार एमएल एकेडमी-जीएन गंज-मिर्जा खां तालाब फीडर में शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक, जबकि राम जानकी, गुलोबाड़ा, मदारपुर एवं दोनार फीडरों में शाम 6 बजे से रात 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। पशुपालन विद्युत शक्ति उपकेंद्र के सदर एवं गैस गोदाम फीडरों में शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक तथा मेसा उपकेंद्र के टावर, इमरजेंसी, स्टेशन एवं सीएम साइंस फीडरों में शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
पंडासराय, जेल, नाका नंबर-1 एवं बेला विद्युत शक्ति उपकेंद्र से जुड़े अधिकांश फीडरों में शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक बिजली बंद रहेगी। वहीं रेलवे फीडर में शाम 4 बजे से 6 बजे तक तथा हाईवे फीडर में शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली बहाल होने के तुरंत बाद एसी, मोटर और अन्य अधिक भार वाले विद्युत उपकरणों का उपयोग न करें। कम से कम 30 मिनट बाद ही ऐसे उपकरण चालू करें, ताकि ट्रांसफॉर्मर एवं केबल पर अचानक अतिरिक्त भार न पड़े और किसी प्रकार की तकनीकी खराबी अथवा दुर्घटना की संभावना से बचा जा सके।
विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि निर्धारित अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां पहले से कर लें तथा बिजली आने के बाद उपकरणों का उपयोग क्रमिक रूप से करें, जिससे विद्युत व्यवस्था सुरक्षित एवं सुचारू बनी रहे।