बिरौल में मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर, भीषण गर्मी के कारण कमेटी ने किया जुलूस के समय में बदलाव

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में दो दिवसीय मुहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अनुमंडल प्रशासन और पुलिस बल हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के संयुक्त निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। असामाजिक तत्वों और अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है। क्षेत्र के सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस की लगातार गश्त (पेट्रोलिंग) जारी है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे। इस बीच, इलाके में पड़ रही प्रचंड और भीषण गर्मी को देखते हुए मुहर्रम कमेटियों ने एक बड़ा और व्यावहारिक फैसला लिया है। मुहर्रम कमेटी द्वारा खाली चौकी का जुलूस निकालने के समय में आंशिक बदलाव किया गया है, ताकि अकीदतमंदों को चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत मिल सके।
नगर पंचायत अफजला खेबा मुहर्रम कमेटी के नेतृत्वकर्ता गुड्डू अंसारी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में जारी प्रचंड गर्मी की स्थिति को देखते हुए कमेटी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है। आम लोगों और अकीदतमंदों की सहूलियत के लिए वृहस्पतिवार को निकलने वाले खाली चौकी के जुलूस के समय में परिवर्तन किया गया है।
प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आम लोगों से त्योहार को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही, सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट शेयर न करने की हिदायत दी गई है।