आयुष्मान कार्ड निर्माण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /

आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने लक्ष्य प्राप्ति में पिछड़ रहे प्रखंडों और संबंधित कर्मियों को सख्त चेतावनी दी है। बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक शामिल हुए।

बैठक में जिलाधिकारी ने प्रखंडवार आयुष्मान कार्ड निर्माण की स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ प्रखंड निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं कर पाए हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने बिरौल प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत संबंधित कर्मियों को अंतिम चेतावनी जारी की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले आशा कर्मियों व अन्य संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल करने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने अन्य प्रखंडों को भी बेहतर प्रदर्शन करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि 16 जून से 22 जून तक जिले में 15 हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 11,490 कार्ड बनाए गए। यह निर्धारित लक्ष्य का लगभग 75 प्रतिशत है। उन्होंने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए आगामी लक्ष्य को और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 जून तक हर हाल में 12 हजार नए आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। इसके लिए प्रत्येक पंचायत में न्यूनतम 40 आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार मिश्रा, डीपीएम स्वास्थ्य, डीपीसी आयुष्मान भारत, एनसीडीओ सत्येंद्र प्रसाद, डॉ. रवि कुमार समेत अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।