भरत भूषण तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर के विरोध में कमतौल में कैंडल मार्च, दोषियों पर हत्या का मुकदमा चलाने की मांग

कमतौल, दरभंगा।

भोजपुर जिले में सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण तिवारी की पुलिस कार्रवाई में हुई मौत को कथित फर्जी एनकाउंटर बताते हुए कमतौल भगत सिंह चौक पर कमतौल-अहियारी युवा संघ के बैनर तले मंगलवार को कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।

कैंडल मार्च भगत सिंह चौक से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः चौक पर समाप्त हुआ। प्रतिभागियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय की मांग को लेकर नारे लगाए।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रौशन मिश्रा ने कहा कि शहीद भगत सिंह ने 99 वर्ष पूर्व देश और समाज के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि भरत भूषण तिवारी ने भी दलित, पिछड़ा, अतिपिछड़ा, शोषित और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। उन्होंने तिवारी की मौत की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।

वहीं सामाजिक कार्यकर्ता रघुनंदन ठाकुर ने कहा कि देश की न्याय व्यवस्था पर लोगों का विश्वास कायम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा गठित जांच टीम से जनता को निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की उम्मीद है। उन्होंने मांग की कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएं, चाहे वे प्रशासनिक अधिकारी हों या शासन के किसी अंग से जुड़े हों, उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

कैंडल मार्च में सुमन भारद्वाज, सुनील सिंह, शिव कुमार ‘भोलू’, मोनू ठाकुर, सुमित सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।