घनश्यामपुर से नाबालिग छात्रा लापता, अपहरण की आशंका से सनसनी, पुलिस तलाश में जुटी
घनश्यामपुर से नाबालिग छात्रा लापता, अपहरण की आशंका से सनसनी, पुलिस तलाश में जुटी
घनश्यामपुर से नाबालिग छात्रा लापता, अपहरण की आशंका से सनसनी, पुलिस तलाश में जुटी
दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।
घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। परिजनों ने छात्रा के अपहरण की आशंका जताते हुए स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन और छात्रा की तलाश में जुट गई है।
पीड़ित पिता द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, उनकी 14 वर्षीय बेटी बचपन से ही अपने एक रिश्तेदार के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। 20 जून की दोपहर करीब एक बजे वह अचानक घर से निकली, जिसके बाद वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी। जब काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों को अंदेशा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर लिया है।
मामले में एक नया मोड़ तब आया जब परिजनों ने बताया कि लापता होने से ठीक एक दिन पहले, यानी 19 जून को छात्रा ने घर के मोबाइल से किसी अज्ञात व्यक्ति से लंबी बात की थी। बातचीत के बाद उसने मोबाइल से वह नंबर भी डिलीट कर दिया था। जब परिजनों ने इस संदिग्ध व्यवहार को लेकर उससे पूछताछ की, तो उसने कोई भी जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया था। इसके अगले ही दिन वह लापता हो गई। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर बुधवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।