दो दिनों में शत-प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति का डीएम का अल्टीमेटम, राइस मिलरों को दिए सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) आपूर्ति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रखंडों और राइस मिलों द्वारा सीएमआर आपूर्ति की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान डीएम ने अधिकारियों एवं राइस मिल संचालकों को निर्देश दिया कि अगले दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत सीएमआर की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम (एसएफसी), दरभंगा को सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी संबंधित विभागों और मिलरों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।

जिलाधिकारी ने राइस मिलरों को शेष सीएमआर आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप धान से तैयार चावल राज्य खाद्य निगम को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली और खाद्यान्न प्रबंधन की सुचारु व्यवस्था के लिए समयबद्ध आपूर्ति बेहद महत्वपूर्ण है।

बैठक में रैयाम चीनी मिल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई। डीएम ने किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक किसानों को सदस्यता एवं सहकारिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाए। इसके लिए सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को उपज क्षेत्र के किसानों के बीच विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक बीएसएफसी, सहायक निबंधक (दरभंगा एवं बेनीपुर अंचल), सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी तथा संबंधित राइस मिलर उपस्थित थे।