ऑनलाइन जमाबंदी में हेरफेर कर जमीन हड़पने का आरोप, 3 सीओ समेत 55 लोगों पर एफआईआर
ऑनलाइन जमाबंदी में हेरफेर कर जमीन हड़पने का आरोप, 3 सीओ समेत 55 लोगों पर एफआईआर
ऑनलाइन जमाबंदी में हेरफेर कर जमीन हड़पने का आरोप, 3 सीओ समेत 55 लोगों पर एफआईआर
दस्तक 7मीडिया ,अररिया /
बिहार के अररिया जिले के फुलकाहा (नरपतगंज) थाना क्षेत्र में ऑनलाइन जमाबंदी में कथित हेरफेर कर किसान की जमीन हड़पने के आरोप में तीन अंचलाधिकारी (सीओ), तीन राजस्व कर्मचारियों तथा 49 अन्य लोगों समेत कुल 55 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के निर्देश पर पीड़ित किसान बैद्यनाथ बहरदार की शिकायत के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों पर अंचल कार्यालय के सरकारी डोंगल का दुरुपयोग कर ऑनलाइन भू-अभिलेख पोर्टल में दर्ज मूल जमाबंदी को हटाने तथा फर्जी तरीके से नई जमाबंदी कायम करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि न्यायालय द्वारा किसान के पक्ष में फैसला दिए जाने और विधिवत दाखिल-खारिज होने के बावजूद भू-माफियाओं ने अधिकारियों की कथित मिलीभगत से डिजिटल भूमि अभिलेखों में बदलाव कर दिया।
पीड़ित किसान का आरोप है कि फर्जी जमाबंदी तैयार किए जाने के बाद हथियारबंद लोग उसके खेत पर पहुंचे और ट्रैक्टर से खड़ी फसल को जोतकर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। घटना के बाद किसान ने पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
मामले में नामजद आरोपियों में तत्कालीन अंचलाधिकारी शम्भू प्रकाश, उत्तम राहुल, वर्तमान अंचलाधिकारी रविन्द्र कुमार, राजस्व कर्मचारी रेणु कुमारी, जितेंद्र कुमार राय तथा जमीउरूर रहमान शामिल हैं। इनके अलावा 49 अन्य स्थानीय लोगों और कथित भू-माफियाओं को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने जालसाजी, धोखाधड़ी और सरकारी अभिलेखों में कथित हेरफेर से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ने कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले ने डिजिटल भूमि अभिलेख व्यवस्था की सुरक्षा और पारदर्शिता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह ऑनलाइन जमाबंदी प्रणाली के दुरुपयोग का एक बड़ा मामला माना जाएगा।
मधुबनी जिला में गश्ती के बाद थाना लौट रही महिला दरोगा का कथित वीडियो वायरल,अवैध वसूली का शक ,आपस में बांट रहे हे पैसे ,पुलिस महकमे में चर्चा जोरों पर ?पूर्व के थानाध्यक्ष पर भी लग चुके हे आरोप।
बिहार पुलिस में बड़ा बदलाव: 425 संवेदनशील थानों की कमान अब इंस्पेक्टरों के हाथ