मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, 515 से अधिक स्थलों पर तैनात होंगे दंडाधिकारी और पुलिस बल,

डीएम-एसएसपी ने संयुक्त ब्रीफिंग में दिए निर्देश, ड्रोन-सीसीटीवी से होगी निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को प्रेक्षागृह, दरभंगा में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने मुहर्रम ड्यूटी में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि 26 जून को प्रस्तावित मुहर्रम पर्व के मद्देनजर जिले के 515 से अधिक स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने जुलूस मार्गों का पूर्व सत्यापन करने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करने को कहा। विशेष रूप से नाका नंबर-5 से निकलने वाले जुलूस को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कैमरे लगाने का आदेश दिया।

मुहर्रम के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने 24 घंटे कार्यरत रहने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया है। आम नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष संख्या 06272-240600 पर संपर्क कर सकते हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस बल और उपकरणों की जांच करने तथा ड्यूटी से पूर्व जवानों को आवश्यक ब्रीफिंग देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी पुलिस बल के साथ साझा की जाए और सभी जवान आवश्यक रूप से लाठी लेकर ड्यूटी करें। क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और शील्ड से लैस रखने के भी निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने सोशल मीडिया पर अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही थाना प्रभारियों को लगातार सूचना संग्रह, बाइक पेट्रोलिंग, बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट्स और माइकिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, सदर एसडीपीओ राजीव कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।