1 जुलाई से शुरू होगी डिग्री कॉलेजों की पढ़ाई, डीएम ने किरतपुर और गौड़ाबौराम में तैयारियों का लिया जायजा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के आठ प्रखंडों में 1 जुलाई से डिग्री कॉलेजों के संचालन की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को किरतपुर प्रखंड के जरसो स्थित मध्य विद्यालय तथा गौड़ाबौराम प्रखंड के आसी स्थित राजकीयकृत प्लस-टू उच्च विद्यालय का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने भवनों के रंग-रोगन, चहारदीवारी निर्माण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि 1 जुलाई से पठन-पाठन का कार्य सुचारू रूप से शुरू हो सके।

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में डिग्री कॉलेज का नाम अंकित कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चहारदीवारी निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेज संचालन के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

डीएम ने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि महाविद्यालय संचालन की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने आधारभूत संरचना, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, डीसीएलआर, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।