राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, अधिकारियों व बैंक प्रतिनिधियों के साथ हुई समीक्षा बैठक

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को एडीआर भवन के सभागार में विभिन्न सरकारी विभागों एवं बैंक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन और आम लोगों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने संयुक्त रूप से की।

बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सुलह-समझौता योग्य सभी प्रकार के मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटाने के लिए व्यापक तैयारी की जाए। न्यायालयों में लंबित विभागीय मामलों की सूची तैयार कर संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस भेजने का निर्देश दिया गया, ताकि अधिकाधिक मामलों का निष्पादन संभव हो सके।

बैंक अधिकारियों को ऋण संबंधी मुकदमा पूर्व मामलों में अद्यतन बकाया राशि, ऋणधारकों का सही नाम-पता और अन्य आवश्यक जानकारी के साथ नोटिस जारी करने को कहा गया। साथ ही ऋणधारकों को राहत देने के लिए बैंकों में हेल्प डेस्क स्थापित कर प्री-काउंसलिंग की व्यवस्था करने तथा नियमानुसार छूट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।

विभागीय मामलों में जुर्माना, कंपाउंडिंग फीस एवं अन्य देय राशियों की अद्यतन जानकारी सूचीबद्ध कर पक्षकारों के साथ प्री-काउंसलिंग कराने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई।

बैठक में सिविल जज धनंजय पांडेय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।