शिक्षा, विकास और आत्मनिर्भरता के नए युग की ओर बढ़ रहा भारत : मिथिलेश तिवारी,
प्रबुद्ध समाज विकसित भारत अभियान का सबसे मजबूत आधार : डॉ. गोपाल जी ठाकुर,

जिला स्तरीय प्रबुद्धजन संगोष्ठी में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान 

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी, दरभंगा (पश्चिमी) द्वारा मिथिला विश्वविद्यालय स्थित जुबली हॉल में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रबुद्धजन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना ने की। सम्मेलन का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा विकसित भारत के संकल्प को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना था।

वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत शिक्षा, आधारभूत संरचना, डिजिटल परिवर्तन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और भारत वैश्विक मंच पर नई पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को जनभागीदारी से पूरा करने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का साझा लक्ष्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक विकास का लाभ पहुंचाया है।

सांसद ने दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा एम्स से जुड़ी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्रीय विकास के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग, युवाओं, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएमसीएच की पूर्व अधीक्षक डॉ. शीला साहु ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं, शिक्षाविदों और प्रबुद्ध समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं पूर्व विधायक अमरनाथ गामी ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनभागीदारी में निहित है और राष्ट्र निर्माण में सभी वर्गों का योगदान आवश्यक है।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुजीत मल्लिक ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी ने किया। इस अवसर पर ज्योतिषाचार्य रामनिहोरा राय, उमेश झा, अंजनी निषाद, अंकुर गुप्ता, गौड़ी पासवान, उमेश चंद्र कुशवाहा, अभयानंद झा, राजेश रंजन, श्रवण मिश्र, सुजीत मल्लिक, संतोष पोद्दार, रिंकी देवी, मीरा मेहता, मुकुंद चौधरी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सम्मेलन में वक्ताओं ने विकसित भारत के संकल्प को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता को आवश्यक बताते हुए इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।