प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी जीआरपी

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान

दरभंगा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर रविवार की शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष आंकी जा रही है। उसने काले रंग की हाफ टी-शर्ट और जींस पहन रखी थी, जबकि बाएं हाथ की कलाई पर लाल धागा बंधा हुआ था।

पुलिस को शव के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज या अन्य सामान नहीं मिला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के साथ कुछ परिजन भी मौजूद थे, लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे छोड़कर चले गए। हालांकि, इस बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जीआरपी मामले की गहन जांच कर रही है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि मृतक की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।

जीआरपी के सिपाही राजेश कुमार पासवान ने बताया कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस मृतक की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।