फैज हत्याकांड में इंसाफ की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन,

उच्च स्तरीय जांच, स्पीडी ट्रायल, मुआवजा और नौकरी की मांग; बढ़ते अपराध पर जताया आक्रोश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मो. फैज की नृशंस हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर सोमवार को इंसाफ मंच के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फैज हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच, मुकदमे का स्पीडी ट्रायल, पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई।

इंसाफ मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष नेयाज अहमद, जिला सचिव मकसूद आलम उर्फ पप्पू खान, अहमद अली तमन्ने, शनिचरी देवी, ललन पासवान और पप्पू कुमार पासवान के नेतृत्व में पोलो मैदान से जुलूस निकाला गया। जुलूस कमिश्नरी, समाहरणालय और लहेरियासराय थाना होते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट के समक्ष धरना और नारेबाजी की।

अशोक पासवान की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नेयाज अहमद ने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैज हत्याकांड के पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है तथा भ्रष्टाचार उजागर करने वालों को ही झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने फैज हत्याकांड के आरोपी सोनू पासवान को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने, सभी गवाहों का बयान दर्ज कराने तथा अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा पतोर थाना कांड संख्या 10/26, जाले थाना कांड संख्या 109/26 एवं 112/26, बहेड़ी थाना कांड संख्या 303/26 और 386/26 तथा सदर थाना कांड संख्या 172/26 सहित विभिन्न मामलों में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की भी मांग उठाई गई।

इंसाफ मंच के जिला सचिव मकसूद आलम पप्पू खान ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है तो आंदोलन को और व्यापक और तेज किया जाएगा।

सभा को कामेश्वर पासवान, जमालुद्दीन, अवधेश सिंह, विनोद सिंह, सूर्यनारायण शर्मा, शिवन यादव, पप्पू पासवान, अमर राम, शहजादे तमन्ने, अरशद सिद्दीकी, प्रो. राहत अली, मुर्तजा राइन, राजदीप राम, किशुनदेव मांझी, गुलाम अंसारी, पवन यादव और रामदेव मंडल सहित कई वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।