मुहर्रम को लेकर दरभंगा प्रशासन हाई अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, शांति समिति की बैठक में डीएम-एसएसपी ने दिए निर्देश, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध; 26 जून को तय मार्ग से निकलेंगे अखाड़ा जुलूस
मुहर्रम को लेकर दरभंगा प्रशासन हाई अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, शांति समिति की बैठक में डीएम-एसएसपी ने दिए निर्देश, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध; 26 जून को तय मार्ग से निकलेंगे अखाड़ा जुलूस
मुहर्रम को लेकर दरभंगा प्रशासन हाई अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई,
शांति समिति की बैठक में डीएम-एसएसपी ने दिए निर्देश, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध; 26 जून को तय मार्ग से निकलेंगे अखाड़ा जुलूस
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार को समाहरणालय स्थित भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्व की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए साइबर सेल को विशेष रूप से सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के वातावरण में मनाया जाए तथा सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं।
डीएम ने नगर निगम को शहर में साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग को सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सक्रिय रखने, मेडिकल किट उपलब्ध कराने तथा डीएमसीएच में चिकित्सकों और आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं बिजली विभाग को लटके हुए तारों को तत्काल दुरुस्त करने और बंद स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट चालू कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि मुहर्रम के दौरान डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में इसका सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील इलाकों, मंदिरों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी। शहरी क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकता पड़ने पर बसों के रूट में बदलाव किया जाएगा। साथ ही सभी थानाध्यक्षों को नियमित गश्ती, माइकिंग और नशा सेवन व अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में जानकारी दी गई कि 26 जून को दशमी मुहर्रम के अवसर पर सभी अखाड़ा दल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिलान चौक और कर्बला की ओर प्रस्थान करेंगे तथा तय मार्ग से ही वापस लौटेंगे।
शांति समिति के सदस्यों ने बिजली के जर्जर तारों की मरम्मत, खुले नालों को ढकने, अतिक्रमण हटाने, बंद स्ट्रीट लाइट चालू कराने, संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, मंदिरों के पास सुरक्षा बढ़ाने और रात्रि गश्ती तेज करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव प्रशासन को दिए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, मुहर्रम कमेटी के पदाधिकारी और जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।