डूबने से होने वाली मौतों पर रोक के लिए दरभंगा में जागरूकता अभियान, 23 जून से शुरू होगा पखवाड़ा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में डूबने से होने वाली मौतों की रोकथाम, जोखिम न्यूनीकरण और आपदा पूर्व तैयारी को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक पहल शुरू की है। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर 30 जून तक जन-जागरूकता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न प्रखंडों में एसडीआरएफ, प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर और आपदा मित्र (गोताखोर) लोगों को डूबने की घटनाओं से बचाव और आपदा प्रबंधन के संबंध में जागरूक करेंगे।

जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, मंदिरों, मस्जिदों, कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें लोगों को जल स्रोतों के आसपास बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित व्यवहार और आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी दी जाएगी।

अभियान की शुरुआत 23 जून को दरभंगा सदर अंचल के जीवछ हाई स्कूल, गौसाघाट से होगी। इसके बाद बहादुरपुर, हनुमाननगर, हायाघाट, बहेड़ी, सिंहवाड़ा, जाले, केवटी, मनीगाछी, तारडीह, अलीनगर, बेनीपुर, बिरौल, गौड़ाबौराम, घनश्यामपुर, किरतपुर तथा कुशेश्वरस्थान सहित विभिन्न अंचलों में क्रमवार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने सभी मास्टर ट्रेनरों, एसडीआरएफ टीमों और आपदा मित्रों को निर्देश दिया है कि वे प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को डूबने की घटनाओं से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दें। प्रशासन का मानना है कि व्यापक जनजागरूकता और प्रशिक्षण से जिले में डूबने से होने वाली दुर्घटनाओं तथा जनहानि में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकेगी।