मुजफ्फरपुर :जिलाधिकारी कुमार गौरव ने संभाला कार्यभार, विकास कार्यों में तेजी और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर रहेगा फोकस

दस्तक 7मीडिया /दीपक कुमार 

बिहार सरकार द्वारा किए गए हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2014 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार गौरव ने मुजफ्फरपुर के नए जिलाधिकारी के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने निवर्तमान जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन का स्थान लिया है, जिन्हें बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, लंबित विकास योजनाओं को गति देना तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

नए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभागों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने का संदेश भी दिया।

कुमार गौरव अपनी प्रशासनिक दक्षता और कार्यकुशलता के लिए जाने जाते हैं। उनके कार्यभार संभालने से जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नए जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए उनसे विकास एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा व्यक्त की है। मुजफ्फरपुर के लोगों को भी नए प्रशासनिक नेतृत्व से बेहतर प्रशासनिक सेवाओं और त्वरित समस्या समाधान की उम्मीद है।