जाले में ‘सखी वार्ता’ के माध्यम से बाल विवाह रोकथाम का संदेश, महिलाओं को योजनाओं की दी गई जानकारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन, दरभंगा द्वारा जाले प्रखंड में बाल विवाह मुक्त जागरूकता कार्यक्रम सह ‘सखी वार्ता’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट डॉली कुमारी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सखी वार्ता महिलाओं को उनके अधिकारों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन-181, महिला सशक्तिकरण केंद्र, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ आगे आने की अपील की। साथ ही कहा कि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल महिला हेल्पलाइन-181 पर जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर इसे रोका जा सके।

वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार ने महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा, कार्यस्थल, सार्वजनिक स्थानों या ऑनलाइन माध्यम से उत्पीड़न का सामना करने वाली महिलाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

कार्यक्रम के समापन पर महिला पर्यवेक्षिकाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं एवं ग्रामीण महिलाओं के बीच बाल विवाह रोकथाम से संबंधित पुस्तिकाओं और जागरूकता पंपलेट का वितरण किया गया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी गीता सहित बड़ी संख्या में महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं एवं ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।