बिना परीक्षा 200 पदों पर बहाली, 24 जून को दरभंगा में लगेगा कौशल एवं रोजगार मेला

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के तहत 24 जून को दरभंगा में कौशल एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में विभिन्न निजी कंपनियां करीब 200 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

सहायक निदेशक (नियोजन), दरभंगा ने बताया कि रामनगर आईटीआई के निकट स्थित संयुक्त श्रम भवन परिसर में आयोजित इस रोजगार मेले में DSETS Pvt. Ltd., KK Enterprises, ANCY HR Solution Pvt. Ltd., LIC, Elite Foods Private Limited, Guardians Security and Facilities Pvt. Ltd., Vision India Services Pvt. Ltd. तथा Svatantra Micro Finance सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान भाग लेंगे। मेला पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगा।

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। अभ्यर्थियों का चयन सीधे साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। 10वीं, 12वीं, आईटीआई तथा स्नातक उत्तीर्ण उम्मीदवार इसमें भाग ले सकते हैं। विभिन्न कंपनियों के अनुसार आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।

नियोजन विभाग के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 22 हजार रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) तक का वेतन मिलेगा। विभाग ने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

रोजगार मेले में भाग लेने के लिए नियोजनालय निबंधन अनिवार्य किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के एनसीएस पोर्टल पर निबंधन करा सकते हैं अथवा नियोजनालय कार्यालय पहुंचकर भी पंजीकरण करवा सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पांच रंगीन फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति लानी होगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि 24 जून को आयोजित यह कौशल एवं रोजगार मेला पूर्णतः निशुल्क रहेगा।