डीएम ने की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, 2 जुलाई के सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित मामलों, जन शिकायतों और विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व तथा जन शिकायत से संबंधित मामलों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारे पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आम लोगों को समय पर सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए।

बैठक में आगामी 2 जुलाई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को पंचायत स्तर पर शिविर आयोजन के लिए पंचायतों का चयन कर सूची उप विकास आयुक्त को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं नगर निगम क्षेत्र में भी वार्डों का चयन कर सूची उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि शिविर का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

जिलाधिकारी ने जिले के सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि 35 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए लंबित सीमांकन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन संभव हो सकेगा।

इसके अलावा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों को जिले में संचालित डिग्री कॉलेजों से संबंधित निर्माण एवं संचालन कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा प्रगति की सतत समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।