2019 बैच के 820 चालक सिपाहियों को मिलेगा बुनियादी प्रशिक्षण, 30 जून तक योगदान का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार पुलिस मुख्यालय के प्रशिक्षण प्रभाग ने विज्ञापन संख्या 05/2019 के तहत नियुक्त चालक सिपाहियों के प्रशिक्षण को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार 820 नियुक्त चालक सिपाहियों का छह माह का बुनियादी प्रशिक्षण तथा पूर्व की सत्रांत परीक्षा में अनुत्तीर्ण 27 चालक सिपाहियों का छह सप्ताह का पूरक प्रशिक्षण 1 जुलाई 2026 से सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय (सीटीएस), नाथनगर में प्रारंभ किया जाएगा।

प्रशिक्षण प्रभाग द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि कई पूर्व नियुक्त चालक सिपाहियों के अब तक अप्रशिक्षित रहने की जानकारी संज्ञान में आई है। इसे देखते हुए विज्ञापन संख्या 05/2019 के तहत नियुक्त सभी अप्रशिक्षित चालक सिपाहियों के साथ-साथ पूर्व वर्षों में नियुक्त अप्रशिक्षित चालक सिपाहियों और सत्रांत परीक्षा में अनुत्तीर्ण चालक सिपाहियों को भी प्रशिक्षण के लिए नामांकित किया गया है।

इस संबंध में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), सभी वरीय पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों, समादेष्टाओं तथा संबंधित प्रशिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि ऐसे सभी चालक सिपाहियों का 30 जून 2026 तक सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय, नाथनगर में योगदान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि निर्धारित तिथि से प्रशिक्षण कार्यक्रम सुचारू रूप से शुरू हो सके।

प्रशिक्षण प्रभाग के अनुसार यह आदेश पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) के अनुमोदन के बाद जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि सभी अपर पुलिस महानिदेशकों, पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस उप-महानिरीक्षकों तथा सीटीएस नाथनगर के प्राचार्य को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।