तिलमी जंगल में पुलिस-PLFI मुठभेड़: एरिया कमांडर श्रवण दास घायल, 6 उग्रवादी गिरफ्तार
तिलमी जंगल में पुलिस-PLFI मुठभेड़: एरिया कमांडर श्रवण दास घायल, 6 उग्रवादी गिरफ्तार
तिलमी जंगल में पुलिस-PLFI मुठभेड़: एरिया कमांडर श्रवण दास घायल, 6 उग्रवादी गिरफ्तार
दस्तक 7 मीडिया /
झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा-जरियागढ़ सीमा क्षेत्र स्थित तिलमी जंगल में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान संगठन का एरिया कमांडर श्रवण दास घायल हो गया, जबकि पुलिस ने छह उग्रवादियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में हथियार और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर पहले श्रवण दास और उसके साथियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सुरक्षा बल उन्हें जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों की बरामदगी के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान श्रवण दास ने एक जवान की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया।
बताया गया कि पुलिस ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने फायरिंग की कोशिश की। इसके बाद आत्मरक्षा में सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें श्रवण दास गोली लगने से घायल हो गया। घायल उग्रवादी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजने की तैयारी की गई है।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। घटनास्थल से चार स्वचालित पिस्टल, कई देशी बंदूकें तथा दर्जनों जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा लेवी वसूली और उग्रवादी गतिविधियों से संबंधित एक महत्वपूर्ण डायरी भी मिली है।
पुलिस के मुताबिक बरामद डायरी में कई स्थानीय ठेकेदारों के मोबाइल नंबर, लेवी वसूली का ब्यौरा तथा उग्रवादी घटनाओं की योजना से जुड़ी जानकारी दर्ज है। जांच एजेंसियां इन दस्तावेजों के आधार पर संगठन के नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार श्रवण दास कर्रा और तोरपा क्षेत्र में पीएलएफआई का सक्रिय कमांडर रहा है। उसके खिलाफ रेलवे निर्माण कार्यों में बाधा पहुंचाने, फायरिंग, आगजनी, लेवी वसूली समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने छह उग्रवादियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं संगठन के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए जंगलों में व्यापक सर्च अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक पूरे नेटवर्क का खुलासा नहीं हो जाता।
70वीं बीपीएससी में लक्ष्य दरभंगा का शानदार प्रदर्शन, दो दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों ने पाई सफलता, बीएएस, बीपीएस, वित्त, राजस्व, ग्रामीण विकास समेत विभिन्न सेवाओं में चयनित हुए छात्र-छात्राएं, संस्थान में खुशी का माहौल
261 दिनों की कठिन ट्रेनिंग के बाद 581 महिला सिपाही बनीं बिहार पुलिस का हिस्सा, जमुई पुलिस लाइन में भव्य पासिंग आउट परेड