दरभंगा में NEET (UG)–2026 पुनर्परीक्षा कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण संपन्न,

डीएम कौशल कुमार ने कई परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, 16 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई परीक्षा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के तत्वावधान में आयोजित NEET (UG)–2026 पुनर्परीक्षा रविवार को दरभंगा में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के कुल 16 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, जहां प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था की गई थी।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिला स्कूल, इंजीनियरिंग कॉलेज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उनके निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। प्रत्येक केंद्र पर चार स्तरीय दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए थे तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी।

प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर सुचारु प्रवेश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। साथ ही परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि परीक्षा की स्वच्छता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करने का निर्देश दिया।

प्रशासनिक सतर्कता और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के बीच दरभंगा में NEET (UG)–2026 पुनर्परीक्षा सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।