दरभंगा जिले में मुहर्रम को लेकर पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने जारी किए कड़े दिशा-निर्देश, हुड़दंगियों पर रहेगी ड्रोन से नजर

दस्तक 7 मिडिया,बिरौल, दरभंगा।

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दरभंगा पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के कार्यालय (विधि-व्यवस्था शाखा) द्वारा 21 जून 2026 को एक आधिकारिक आदेश जारी कर पुलिस अधिकारियों को विशेष चौकसी बरतने और सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। पर्व के दौरान जबरन चंदा वसूली,भड़काऊ गाने, और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन तकनीक और अतिरिक्त सुरक्षा बल का सहारा ले रहा है। निर्देश के अनुसार क्षेत्र के जितने भी संवेदनशील इलाके हैं, वहां ड्रोन कैमरों के जरिए उपद्रवियों पर नजर रखी जाएगी। जिन रूटों से मुहर्रम का जुलूस गुजरना है, उनके आस-पास के मकानों की छतों की पहले ही तलाशी ली जाएगी और वहां पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति होगी। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का अहसास कराया जाएगा। अक्सर त्योहारों के दौरान डीजे और आपत्तिजनक नारों से तनाव की स्थिति बनती है। इसे देखते हुए आदेश में साफ कहा गया है कि डीजे के प्रयोग पर कड़ा नियंत्रण रहेगा। लाउडस्पीकर पर भड़काऊ गाने बजाने या धार्मिक उन्माद फैलाने वाले नारे लगाने वालों पर सीधी कानूनी कार्रवाई होगी।
मुहर्रम के सभी जुलूसों के पास 100% लाइसेंस होना अनिवार्य है। एसएसपी द्वारा जारी निर्देश के आलोक में सांप्रदायिक सौहार्द न बिगड़े, इसके लिए पुलिस पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है। पूर्व में हुए सांप्रदायिक विवादों के आरोपियों और जमानत पर रिहा चल रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। शरारती तत्वों के खिलाफ पहले से ही निरोधात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी। जुलूस के रास्तों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा ताकि किसी भी संभावित व्यवधान को समय रहते दूर किया जा सके। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी अप्रिय स्थिति या आपातकाल से निपटने के लिए क्यूआरटी, दंगा निरोधी दस्ता और वाटर कैनन को पूरी तरह तैयार (अलर्ट मोड) हालत में रखा जाएगा। इसके साथ ही शांति समिति की बैठकें आयोजित कर समाज के प्रबुद्ध लोगों से भी शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।

वरीय पुलिस अधीक्षक का शख्त निर्देश:

सभी पुलिस अधिकारी इन निर्देशों का तत्काल प्रभाव से कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि मुहर्रम पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।