70वीं BPSC में ‘पड़री’ के लाल का कमाल, पहले ही प्रयास में अभिनव ठाकुर बने स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर, क्षेत्र में जश्न का माहौल
70वीं BPSC में ‘पड़री’ के लाल का कमाल, पहले ही प्रयास में अभिनव ठाकुर बने स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर, क्षेत्र में जश्न का माहौल
70वीं BPSC में ‘पड़री’ के लाल का कमाल, पहले ही प्रयास में अभिनव ठाकुर बने स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर, क्षेत्र में जश्न का माहौल
दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही ग्रामीण इलाकों में प्रतिभा का डंका बज उठा है। इसी कड़ी में पड़री गांव के एक होनहार लाल ने अपनी मेधा और कड़े परिश्रम के बल पर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पड़री निवासी श्री संजय ठाकुर के सुपुत्र अभिनव कुमार ठाकुर (उर्फ मिक्कू) ने अपने पहले ही प्रयास में बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर का प्रतिष्ठित पद हासिल किया है। अभिनव की इस अभूतपूर्व सफलता से उनके गांव सहित संपूर्ण उप-मंडल और जिले में हर्ष का माहौल है।
अभिनव ठाकुर की इस ऐतिहासिक सफलता की नींव बचपन से ही बेहद मजबूत रही है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सैनिक स्कूल, तिलैया के जूनियर सेक्शन (वर्ग 1 से 5 तक) से हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा 6 से लेकर मैट्रिक तक की पढ़ाई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान रामकृष्ण मिशन, देवघर से पूरी की। स्कूली शिक्षा के बाद अभिनव ने देश के सर्वश्रेष्ठ दिल्ली विश्वविद्यालय से अपनी उच्च शिक्षा पूरी की और वहीं रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुट गए।
कहा जाता है कि सफलता के पीछे वर्षों का मौन संघर्ष होता है। अभिनव उर्फ मिक्कू की इस कामयाबी के पीछे जहां उनकी दिन-रात की कड़ी मेहनत है, वहीं उनके माता-पिता का अटूट धैर्य और साहस सबसे बड़ा संबल बना। अभिनव की माता श्रीमती ममता ठाकुर और पिता श्री संजय ठाकुर ने हर परिस्थिति में अपने बेटे के हौसले को बनाए रखा। इसके साथ ही अभिनव के ननिहाल (ग्राम: बंदा) में भी खुशी की लहर है, जहां उनके नाना श्री जितेंद्र प्रसाद राय (उर्फ फूल बाबू) और पूरे परिवार को अपने नाती की इस उपलब्धि पर बेहद नाज है।
अपनी इस शानदार सफलता पर बेहद विनम्रता से बात करते हुए अभिनव कुमार ठाकुर ने कहा मेरी इस कामयाबी का पूरा श्रेय मेरे माता-पिता के त्याग, आशीर्वाद और मेरे सभी आदरणीय गुरुजनों के सही मार्गदर्शन को जाता है। उनके विश्वास के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।
अभिनव ठाकुर के स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर बनने की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने अभिनव को ढेरों बधाई व शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की है। ग्रामीणों का कहना है कि अभिनव ने यह साबित कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो और सही दिशा में मेहनत की जाए, तो पहले ही प्रयास में देश-प्रदेश की सबसे कठिन परीक्षाओं में भी परचम लहराया जा सकता है।