अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, एक गंभीर घायल,
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, चालक-खलासी पुलिस के हवाले।

दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान।

थाना क्षेत्र के कछुआ गांव स्थित बेर चौक-सिंधिया मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की शाम एक तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।
मृतक की पहचान कछुआ गांव निवासी स्व. गोपी राय के 60 वर्षीय पुत्र राम बहादुर राय के रूप में हुई है। वहीं घायल व्यक्ति की पहचान घुटर मुखिया के 40 वर्षीय पुत्र राम कुमार मुखिया के रूप में की गई है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम करीब साढ़े सात बजे राम बहादुर राय एवं राम कुमार मुखिया गांव में सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बेर चौक की ओर से सिंधिया जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने दोनों को रौंद दिया और चालक वाहन लेकर भागने लगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए बेर चौक स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राम बहादुर राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राम कुमार मुखिया को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर बंगरहटा के समीप उसे पकड़ लिया। चालक और खलासी को पकड़कर ग्रामीणों ने एक घर में बंद कर दिया। इधर, वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। ग्रामीणों ने पकड़े गए चालक एवं खलासी को भी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।