बिहार पुलिस मुख्यालय में प्रोस्टेट कैंसर व लिवर स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम,

मेदांता पटना ने लगाया फ्री फाइब्रो स्कैन कैंप, डीजीपी विनय कुमार रहे मुख्य अतिथि

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के सभागार में शुक्रवार को जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना द्वारा “हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम ऑन प्रोस्टेट कैंसर एंड लिवर हेल्थ” तथा निःशुल्क फाइब्रो स्कैन कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार थे। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों को अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। उन्होंने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को पुलिस बल के कल्याण के लिए उपयोगी बताया।

इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) सुनील कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (बजट/अपील/कल्याण) संजय सिंह, जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. रवि शंकर सिंह, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. आशीष कुमार झा, यूरोलॉजी विभाग के कंसल्टेंट डॉ. सतीश कुमार रंजन सहित मेदांता पटना की टीम मौजूद रही।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रोस्टेट कैंसर के शुरुआती लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही लिवर स्वास्थ्य, फैटी लिवर, हेपेटाइटिस तथा अन्य यकृत संबंधी बीमारियों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए निःशुल्क फाइब्रो स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय बिहार पुलिस की ओर से सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कल्याण) स्मिता सुमन तथा मेदांता की ओर से केयूर पटेल (एवीपी – सेल्स एंड मार्केटिंग) ने किया।

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।