टेंडर घोटाले में SVU का बड़ा एक्शन: दो निलंबित IAS अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी,

ऋषु श्री से पूछताछ में मिले सुरागों पर कार्रवाई, यूरोप ट्रिप स्पॉन्सर करने और महंगे उपहार देने के आरोपों की जांच तेज

दस्तक 7 मीडिया /पटना 

बिहार के बहुचर्चित टेंडर घोटाला मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो निलंबित आईएएस अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई 19 जून 2026 को पटना में की गई, जहां जांच टीम ने आईएएस अधिकारी योगेश कुमार सागर और आईएएस अधिकारी अभिलाषा शर्मा के आवासों पर पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की गहन पड़ताल की।

जांच एजेंसियों के अनुसार दोनों अधिकारियों पर टेंडर माफिया और बिचौलिए ऋषु रंजन सिन्हा उर्फ ऋषु श्री के साथ मिलकर सरकारी ठेकों में अनियमितता और हेराफेरी करने का आरोप है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों में दावा किया गया है कि ऋषु श्री ने आईएएस योगेश कुमार सागर और उनके परिवार के यूरोप दौरे का खर्च उठाया था। वहीं, आईएएस अभिलाषा शर्मा को महंगे उपहार दिए गए, जिनमें आईफोन समेत अन्य सुविधाएं शामिल हैं। आरोप है कि उनके आवास की छत पर करीब नौ लाख रुपये की लागत से रूफटॉप गार्डन भी तैयार कराया गया था।

SVU की टीम ने इस मामले में ऋषु श्री के करीबी और मातृसेवा इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पवन कुमार के बेऊर स्थित आवास पर भी छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों का मानना है कि इन दस्तावेजों से टेंडर आवंटन और कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।

गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) और SVU की रिपोर्ट के आधार पर बिहार सरकार ने मई 2026 के अंत में ही योगेश कुमार सागर और अभिलाषा शर्मा को निलंबित कर दिया था। मुख्य आरोपी ऋषु श्री पहले से गिरफ्तार है और पुलिस रिमांड पर उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि उसी पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर यह छापेमारी की गई है।

मामले की जांच के दौरान कई अन्य अधिकारियों की भूमिका भी सामने आई है। इससे पहले 10 जून को वित्त विभाग के पूर्व संयुक्त सचिव मुमुक्षु चौधरी, पूर्व चीफ इंजीनियर तारिणी दास तथा कार्यपालक अभियंता उमेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, इस मामले में नाम आने के बाद एक अन्य आईएएस अधिकारी संजीव हंस की तलाश जारी है। जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क और कथित भ्रष्टाचार की परतें खोलने में जुटी हैं।