राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे पर डीएम सख्त, मुहर्रम को लेकर भी दिए विशेष निर्देश,उत्तराधिकार-बंटवारा मामलों को प्राथमिकता देने, लगान वसूली तेज करने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

राजस्व कार्यों में तेजी लाने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व महा अभियान के तहत उत्तराधिकार एवं बंटवारा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लंबित आवेदनों का युद्धस्तर पर निपटारा किया जाए। समीक्षा के दौरान रिवर्ट बैक किए गए आवेदनों की जांच करते हुए उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से वापस न किया जाए। यदि किसी आवेदन में दस्तावेजों की कमी हो तो संबंधित रैयत से संपर्क स्थापित कर आवश्यक कागजात प्राप्त करते हुए मामले का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बड़े बकायेदारों की पहचान कर उनसे लगान वसूली अभियान तेज करने का भी निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों एवं डीसीएलआर को इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

बैठक से पूर्व आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का भौतिक सत्यापन कर संभावित समस्याओं का पूर्व आकलन करें तथा आवश्यक एहतियाती कदम उठाएं। उन्होंने बाउंड डाउन की कार्रवाई तेज करने तथा थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया।

अनुमंडल पदाधिकारियों को वारंटियों के विरुद्ध बाउंड डाउन की कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अपराधी एवं असामाजिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, डीसीएलआर बेनीपुर, डीसीएलआर बिरौल सहित सभी अंचलाधिकारी उपस्थित थे।