दरभंगा ग्रामीण की कमान अब ‘तेज-तर्रार’ आईपीएस साक्षी कुमारी के हाथ, काम्या मिश्रा के बाद जिले को मिली दूसरी महिला एसपी

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिहार पुलिस की जांबाज और तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी साक्षी कुमारी को दरभंगा (ग्रामीण) का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए जानी जाने वाली वर्ष 2022 बैच की आईपीएस साक्षी कुमारी की इस तैनाती से जिले के पुलिस महकमे सहित आम जनता में भारी उत्साह है।
यह दूसरा ऐसा ऐतिहासिक अवसर है जब दरभंगा ग्रामीण क्षेत्र की कमान किसी महिला आईपीएस अधिकारी के हाथों में सौंपी गई है। इससे पहले जांबाज आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा ने दरभंगा (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी बेहतरीन सेवाएं दी थीं और अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। अब साक्षी कुमारी के रूप में जिले को एक बार फिर वही कड़क और संवेदनशील पुलिसिंग मिलने की उम्मीद जगी है।
साक्षी कुमारी के नाम की घोषणा होते ही विशेषकर बिरौल और बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र के लोगों के बीच सुरक्षा और बेहतर पुलिसिंग को लेकर एक नई उम्मीद पैदा हो गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनकी कार्यशैली से क्षेत्र में न केवल अपराध पर लगाम लगेगी, बल्कि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा।