आपसी विवाद में महिला पर जानलेवा हमला, उंगली कटी,एफ आई आर दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
दस्तक 7 मिडिया,घनश्यामपुर।
स्थानीय थाना क्षेत्र के महथवार वार्ड-15 में आपसी विवाद को लेकर एक महिला पर हमला किया गया। इस हमले में महिला की एक उंगली गंभीर रूप से कट गई। पीड़िता के आवेदन पर घनश्यामपुर थाना में एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता की पहचान महथवार वार्ड-15 निवासी ज्योति कुमारी (27) पत्नी राहुल कुमार झा के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 15 जून की शाम करीब पांच बजे गांव के कृष्ण कुमार झा और मीना देवी उनके परिवार को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे। ज्योति कुमारी के विरोध करने पर दोनों आरोपी उग्र हो गए। इस दौरान कृष्ण कुमार झा ने लाठी से हमला किया, जबकि मीना देवी ने उन्हें टेंगारी उपलब्ध कराई। कृष्ण कुमार झा ने टेंगारी से ज्योति कुमारी के सिर पर वार करने का प्रयास किया। पीड़िता के अनुसार, बचाव के दौरान टेंगारी का धारदार हिस्सा उनके बाएं हाथ की उंगली में लग गया, जिससे उंगली गंभीर रूप से कट गई और खून बहने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। परिजनों ने घायल ज्योति कुमारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घनश्यामपुर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

