केवटी थाना की कार्यशैली पर विधायक का धरना, पुलिस पर अपराधियों को बचाने का आरोप

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

केवटी थाना क्षेत्र में एक मारपीट एवं लूट मामले को लेकर पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने थाना परिसर में एक दिवसीय धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पीड़ितों को न्याय दिलाने के बजाय आरोपितों को संरक्षण दे रही है तथा मामले को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 7 जून 2026 को जीवरा निवासी उमेश शर्मा के पुत्र रंधीर शर्मा पर उनकी दुकान “आयुष मोटरसाइकिल गैरेज” में कथित रूप से कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद नामजद आरोपितों एवं अन्य लोगों ने रंधीर शर्मा की बेरहमी से पिटाई की तथा दुकान से 22,500 रुपये नकद भी ले गए।

घटना के बाद केवटी थाना में कांड संख्या 177/26 दर्ज किया गया, लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की। इसी मुद्दे को लेकर विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा धरने पर बैठे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

धरने को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि गंभीर आरोपों वाले मामले में भी पुलिस की निष्क्रियता चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को कमजोर करने के लिए अभियुक्त पक्ष की ओर से काउंटर केस दर्ज किया गया है। विधायक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों की भूमिका की समीक्षा करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और समर्थक शामिल हुए। विधायक ने चेतावनी दी कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।