14 माह बाद कर्नाटक से नाबालिग बरामद, अपहरण के आरोपी युवक कोन पुलिस ने किया गिरफ्तार

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

स्थानीय थाना क्षेत्र से 14 माह पूर्व लापता हुई एक नाबालिग लड़की को घनश्यामपुर पुलिस ने कर्नाटक से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में नामजद आरोपी मोहम्मद तोसिफ आलम उर्फ सादाब को भी गिरफ्तार कर दरभंगा जिला के घनश्यामपुर थाना लाया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की करीब 14 माह पहले घर से शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान आरोपी युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद पीड़िता के पिता ने घनश्यामपुर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस लगातार विभिन्न राज्यों और शहरों में छापेमारी कर रही थी। तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस को कर्नाटक के चंद्रपुरा स्थित सूर्यनगर थाना क्षेत्र में लड़की और आरोपी के ठिकाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया तथा आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के सनकन्हई गांव निवासी मोहम्मद नन्हे के पुत्र मोहम्मद तोसिफ आलम उर्फ सादाब के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़की की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कर्नाटक में कार्रवाई कर दोनों का पता लगाया गया। लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर घनश्यामपुर थाना लाया गया है। मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।