18 प्रखंडों में जन कल्याण शिविर संपन्न, हजारों लोगों की समस्याओं का हुआ समाधान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के सभी 18 प्रखंडों में आयोजित तीन दिवसीय सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का गुरुवार को सफल समापन हो गया। आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 16 से 18 जून तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

शिविर के दौरान राशन कार्ड, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, श्रमिक पंजीकरण, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना तथा आयुष्मान कार्ड समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों का निष्पादन किया गया। साथ ही लोगों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाना है। तीन दिनों तक चले इस अभियान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराकर उनका समाधान प्राप्त किया।

सिंहवाड़ा प्रखंड में आयोजित शिविर में जाले विधायक जीवेश कुमार मिश्रा ने भाग लिया। उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का मौके पर निष्पादन किया गया तथा लाभार्थियों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविर सुशासन और जनसेवा की दिशा में प्रभावी पहल हैं, जिनके माध्यम से आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है।