जगतवीर राय को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरेगा संघर्ष मोर्चा, 22 जून को मुजफ्फरपुर में हल्ला बोल का ऐलान
गायघाट/दीपक कुमार
जगतवीर राय को न्याय दो संघर्ष मोर्चा की बैठक गुरुवार को गायघाट प्रखंड स्थित कर्पूरी स्मृति भवन में लाल बाबू सहनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वक्ताओं ने सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए न्याय की लड़ाई को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की जनविरोधी नीतियों से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगियों ने देश की शासन व्यवस्था को पूंजीपतियों के हाथों में सौंप दिया है, जिससे आम लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।
युवा नेता प्रभात किरण ने कहा कि जगतवीर राय हत्याकांड में आरोपित थानेदार राजा सिंह को बचाने के लिए पूरा प्रशासन सक्रिय है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएफएल जांच में दरोगा के नशे में होने की पुष्टि के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन के पक्षपातपूर्ण रवैये से लोगों का कानून और न्याय व्यवस्था से विश्वास उठता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि न्याय पाने के लिए अब सड़क पर संघर्ष करना होगा। इसी कड़ी में 22 जून को मुजफ्फरपुर समाहरणालय में सांसद पप्पू यादव के नेतृत्व में “हल्ला बोल” कार्यक्रम सह धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए राजद नेता सुनील कुमार राय के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
