20, 21, 27 और 28 जून को चलेगा विशेष मतदाता अभियान,महिला एवं 18-19 आयुवर्ग के छूटे पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने पर फोकस, बीएलओ रहेंगे मतदान केंद्रों पर तैनात

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले में स्वच्छ एवं स्वस्थ निर्वाचक सूची तैयार करने के उद्देश्य से 20, 21, 27 एवं 28 जून को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान छूटे हुए पात्र महिला मतदाताओं तथा 18 से 19 वर्ष आयुवर्ग के युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण एवं संतुलित निर्वाचक सूची का निर्माण है। समीक्षा में पाया गया है कि जिले के अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात अपेक्षित स्तर से कम है। विशेष रूप से गौड़ाबौराम, दरभंगा ग्रामीण, बहादुरपुर, केवटी और जाले विधानसभा क्षेत्रों में स्थिति चिंताजनक है, जहां सुधार की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि निर्धारित विशेष अभियान दिवसों पर सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर आवश्यक प्रपत्रों के साथ मौजूद रहेंगे और पात्र महिला एवं युवा मतदाताओं से आवेदन प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

अभियान की निगरानी के लिए बीएलओ सुपरवाइजरों को मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने तथा कार्य प्रगति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कम से कम 20 प्रतिशत मतदान केंद्रों का भ्रमण कर अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे। संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी भी औचक निरीक्षण कर कार्यों का सत्यापन करेंगे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए 19 जून को सभी विधानसभा मुख्यालय प्रखंडों में बीएलओ के साथ बैठक-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया और अभियान संचालन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।