पंचोभ में बजरंगबली प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

हनुमाननगर (दरभंगा)।

प्रखंड के पंचोभ गांव स्थित दुर्गास्थान मंदिर परिसर में बुधवार को वाराणसी से लाई गई बजरंगबली की प्रतिमा की दो दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हो गई। महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ पूरे गांव में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

अनुष्ठान का संचालन उत्तर प्रदेश से आए आचार्य डॉ. विभूति नाथ झा, पंडित विष्णु आचार्य एवं विशाल कुमार मिश्र के नेतृत्व में वैदिक विधि-विधान के अनुसार कराया गया। महायज्ञ के प्रथम दिन 11 अधिवास की प्रक्रिया पूरी की गई, जबकि दूसरे दिन हवन, पूजन एवं प्राण-प्रतिष्ठा के मुख्य अनुष्ठान संपन्न हुए।

प्राण-प्रतिष्ठा हवन में विधान पार्षद हरि सहनी, सरपंच महेश चौधरी, कोषाध्यक्ष सुधीर झा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन की पवित्र आहुति और बजरंगबली के जयघोष से मंदिर परिसर तथा आसपास का क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

आचार्यों ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा जैसे धार्मिक आयोजनों में अधिवास, हवन और वैदिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व होता है। महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गांव के लिए गौरव और धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया।