रिवर्ट बैक आवेदनों पर सख्त हुए डीएम, अनावश्यक लौटाने पर वेतन से कटेंगे 100 रुपये,फार्मर रजिस्ट्री और राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, विशेष अभियान चलाकर किसानों का रजिस्ट्रेशन बढ़ाने पर जोर

दरभंगा, संवाददाता

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि आवेदनों को अनावश्यक रूप से रिवर्ट (वापस) करने की प्रवृत्ति पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी आवेदन में दस्तावेजों की कमी हो तो संबंधित रैयत से संपर्क कर आवश्यक कागजात प्राप्त करते हुए उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित फार्मर रजिस्ट्रेशन एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने रिवर्ट बैक आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अपर समाहर्ता (राजस्व) को निर्देश दिया कि यदि किसी अंचलाधिकारी द्वारा बिना उचित कारण आवेदन रिवर्ट किया जाता है तो प्रति आवेदन 100 रुपये की राशि उनके वेतन से दंडस्वरूप काटने की कार्रवाई की जाए।

बैठक में डीएम ने राजस्व महाअभियान के तहत उत्तराधिकार और बंटवारा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों को युद्धस्तर पर निपटाकर आम लोगों को राजस्व सेवाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराया जाए।

फार्मर रजिस्ट्रेशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी सोमवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने प्रखंड कृषि पदाधिकारियों, किसान सलाहकारों और राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाया जाए और निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।

डीएम ने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में फार्मर रजिस्ट्री की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाएं।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, सभी डीसीएलआर, अंचलाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं किसान सलाहकार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।