कारगिल चौक पर तेज रफ्तार कार से छात्र घायल, बवाल; गाड़ी में तोड़फोड़, पांच जख्मी
कारगिल चौक पर तेज रफ्तार कार से छात्र घायल, बवाल; गाड़ी में तोड़फोड़, पांच जख्मी
कारगिल चौक पर तेज रफ्तार कार से छात्र घायल, बवाल; गाड़ी में तोड़फोड़, पांच जख्मी
पटना, संवाददाता।
गांधी मैदान थाना क्षेत्र के कारगिल चौक पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक छात्र के घायल होने के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित छात्रों और स्थानीय लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी तथा उसमें सवार दो लोगों की पिटाई कर दी। घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का बोर्ड लगी एक कार अशोक राजपथ की ओर जा रही थी। कारगिल चौक के समीप सड़क किनारे होटल के बाहर खड़े छात्रों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बीएन कॉलेज छात्रावास का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बीएन कॉलेज हॉस्टल के बड़ी संख्या में छात्र और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने कार को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ की। कार में सवार विभाग से जुड़े एक कर्मचारी और उनके बेटे की भी भीड़ ने पिटाई कर दी। मारपीट और अफरातफरी में कई लोग घायल हो गए।
करीब आधे घंटे तक कारगिल चौक पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हंगामे के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर गांधी मैदान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब कार चालक और उसके बेटे को बचाने का प्रयास किया तो कुछ छात्रों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई।
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद चालक और उसके बेटे को सुरक्षित बाहर निकालकर घायल छात्र के साथ इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इलाके में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उपद्रव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सिंहवाड़ा थाना पर डीएसपी एसके सुमन की पहल :ऑपरेशन मुस्कान के तहत 6 लोगों को सौंपे गुम हुए मोबाइल, लौटी चेहरे की खुशी
रिवर्ट बैक आवेदनों पर सख्त हुए डीएम, अनावश्यक लौटाने पर वेतन से कटेंगे 100 रुपये,फार्मर रजिस्ट्री और राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, विशेष अभियान चलाकर किसानों का रजिस्ट्रेशन बढ़ाने पर जोर