पत्रकार को साजिशन फंसाकर गिरफ्तारी की निंदा, उच्चस्तरीय जांच की मांग,आइरा इंटरनेशनल रिपोर्टर एसोसिएशन की बैठक में पत्रकारों ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की आवाज दबाने का आरोप लगाया

केवटी, प्रतिनिधि।

आइरा इंटरनेशनल रिपोर्टर एसोसिएशन की प्रखंड इकाई की बैठक मंगलवार की शाम केवटी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष शेष नारायण झा ने की। बैठक में पत्रकार विजय कुमार गुप्ता को कथित रूप से साजिश के तहत फंसाकर गिरफ्तार किए जाने की घटना की कड़ी निंदा की गई।

बैठक में उपस्थित पत्रकारों एवं सदस्यों ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे में किसी पत्रकार को साजिशन मुकदमे में फंसाकर गिरफ्तार करना न केवल पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हमला है, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की आवाज को दबाने का प्रयास भी है। वक्ताओं ने कहा कि यदि पत्रकारों को इसी प्रकार प्रताड़ित किया जाएगा तो निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता प्रभावित होगी।

बैठक में सर्वसम्मति से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि सत्य सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके और पत्रकारों का मनोबल बना रहे।

बैठक में दिवाकर लाल, कन्हैया प्रसाद गुप्ता, दिलीप कुमार झा एवं नीलांबर प्रसाद गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने पत्रकार हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प भी लिया।