बेनीबाद पुलिस ने 72 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर को दबोचा. गुप्त सूचना पर पुलिस की कारवाई

दीपक कुमार। गायघाट

बिहार में शराबबंदी कानून को धरातल पर सख्ती से लागू करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस पूरी तरह से आक्रामक मोड में है। इसी क्रम में, बेनीबाद थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?

बेनीबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शिवदाहा पंचायत में लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार की सूचना पुलिस को मिल रही थी। बेनीबाद थाना के अपर थानाध्यक्ष मौर्यन दीपांकर को जैसे ही पुख्ता जानकारी मिली कि शिवदहा इलाके में शराब की खेप उतारी गई है, उन्होंने बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई का निर्णय लिया।

पुलिस की तत्परता और गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और शिवदहा बरैल गांव में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने मौके से 72 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से सुधांशु कुमार उर्फ शेखर मिश्रा को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।