बेटियां पी.टी.उषा की तरह देश का नाम रोशन करें : पिंकू सिंह,

खेलों में दरभंगा का नाम रोशन करने वालों का हुआ सम्मान

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा :

द एथलीट्स क्लब द्वारा 92वीं राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह में 200 एवं 400 मीटर दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आदित्य चौधरी,5 किलोमीटर रेस वॉक में पदक जीतने वाले आलोक कुमार तथा शॉट पुट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली वर्षा रानी को सम्मानित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से दरभंगा को राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया है।
कार्यक्रम में बताया गया कि ये खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी सफलता के पीछे नियमित अभ्यास,अनुशासन और प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा है। इस अवसर पर खिलाड़ियों के प्रशिक्षक कोच विकास मिश्रा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने वर्षों से निःशुल्क प्रशिक्षण देकर कई खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम किया है। उपस्थित लोगों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि जिले के खिलाड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष आकांक्षा,कोषाध्यक्ष अभिनव आनंद तथा खिलाड़ियों के सहयोगी प्रवीण कुमार सिंह उर्फ पिंकू सिंह के योगदान की भी प्रशंसा की गई। सभी ने खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महासभा के दरभंगा जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह उर्फ पिंकू सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जिले के खिलाड़ी आने वाले समय में राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि जिले की प्रतिभाशाली बेटियां महान धाविका पी.टी. उषा की तरह देश का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन,बेहतर सुविधाओं और निरंतर सहयोग की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए वे हर संभव सहयोग करते रहेंगे। चाहे आर्थिक सहायता की बात हो,संसाधनों की व्यवस्था हो या खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना हो,वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। पिंकू सिंह ने कहा कि दरभंगा में खेलों के विकास के लिए बेहतर खेल सुविधाओं और मजबूत खेल संरचना की जरूरत है। इसके लिए वे खेल मंत्री से भी बातचीत करेंगे ताकि जिले के खिलाड़ियों को अधिक अवसर और सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान खेल मंत्री खेलों को बढ़ावा देने के लिए अच्छा कार्य कर रही हैं और उम्मीद है कि आने वाले समय में खिलाड़ियों के लिए और बेहतर योजनाएं लागू होंगी।
कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि मेहनत,लगन और अनुशासन के बल पर वे भविष्य में बड़ी सफलताएं हासिल करेंगे तथा दरभंगा,बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे। समारोह में उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।