बिहार के 14 BAS अधिकारियों को मिला IAS प्रमोशन, संयुक्त सचिव स्तर की मिलेगी जिम्मेदारी, केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद राज्य सरकार ने जारी की अधिसूचना, प्रशासनिक व्यवस्था को मिलेगा नया बल
बिहार के 14 BAS अधिकारियों को मिला IAS प्रमोशन, संयुक्त सचिव स्तर की मिलेगी जिम्मेदारी,
केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद राज्य सरकार ने जारी की अधिसूचना, प्रशासनिक व्यवस्था को मिलेगा नया बल
दस्तक 7मीडिया /पटना
बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के 14 वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) कैडर में प्रोन्नत किया गया है। केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद बिहार सरकार ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। प्रोन्नत अधिकारियों को संयुक्त सचिव (Joint Secretary) स्तर का पद प्रदान किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग जल्द ही इन अधिकारियों की नई पदस्थापनाओं और जिम्मेदारियों को निर्धारित करेगा।
आईएएस कैडर में प्रोन्नति पाने वाले अधिकारियों में मृणायक दास, मनोरंजन कुमार, विकास कुमार, डॉ. गगन, अंजनी कुमार, मोहम्मद एजतबा हुसैन, रजनीश कुमार, बिधु भूषण चौधरी, मोहम्मद वसीम अहमद, कृत्यानंद रंजन, मोहम्मद राशिद आलम, इबरार अहमद खान, मनोज कुमार तथा हेमंत कुमार सिंह शामिल हैं। इनमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में अपर सचिव के पद पर कार्यरत बिधु भूषण चौधरी का नाम भी प्रमुखता से चर्चा में है।
जानकारी के अनुसार यह पदोन्नति वर्ष 2025 के दौरान सेवानिवृत्ति तथा कैडर समायोजन के कारण उत्पन्न रिक्तियों के आधार पर की गई है। अधिकारियों का चयन उनके सेवा अभिलेख, वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (ACR), सतर्कता क्लीयरेंस तथा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की अनुशंसा के बाद किया गया।प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि इस फैसले से बिहार के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती मिलेगी।