सकरी–हसनपुर भाया कुशेश्वरस्थान रेल परियोजना को लेकर कल यानि बुधवार को  होगा विशाल महापंचायत

दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान, दरभंगा।

सकरी–हसनपुर भाया कुशेश्वरस्थान रेल परियोजना को शुरू कराने और वर्षों से लंबित रेल सेवा बहाल करने की मांग को लेकर बुधवार 17 जून को कुशेश्वरस्थान बाजार स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर परिसर में शाम 4 बजे विशाल महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस महापंचायत में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यवसायियों, युवाओं एवं आम जनता से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि सकरी–हसनपुर भाया कुशेश्वरस्थान रेल परियोजना दशकों से उपेक्षा का शिकार रही है। वर्ष 1974 में तत्कालीन रेल मंत्री ललित नारायण मिश्र द्वारा इस परियोजना की नींव रखी गई थी, जबकि वर्ष 1996 में तत्कालीन रेल मंत्री रामविलास पासवान ने इसका शिलान्यास किया था। इसके बावजूद आज तक रेल सेवा बहाल नहीं हो सकी है।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि तथाकथित पक्षी विहार के नाम पर परियोजना को वर्षों से रोका गया है, जबकि क्षेत्र के लाखों लोग बेहतर परिवहन सुविधा से वंचित हैं। उनका कहना है कि यदि परियोजना समय पर पूरी हो जाती तो कुशेश्वरस्थान सहित आसपास के कई प्रखंडों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में सीधा लाभ मिलता।
महापंचायत के आयोजक प्रशांत कुमार ने कहा है कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जनता के अधिकारों की लड़ाई है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया गया है।
आंदोलन का मुख्य नारा “पक्षी विहार हटाओ, रेल बचाओ” रखा गया है। महापंचायत में आगे की रणनीति, जनआंदोलन को और मजबूत करने तथा सरकार एवं जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
आयोजकों ने कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा है कि क्षेत्र के विकास, रोजगार और बेहतर यातायात सुविधा के लिए अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें, ताकि वर्षों से लंबित रेल परियोजना को धरातल पर उतारा जा सके।