दरभंगा में 17-18 जून को लगेगा ‘प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर’, एक ही जगह मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सेवाएं
दरभंगा में 17-18 जून को लगेगा ‘प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर’, एक ही जगह मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सेवाएं
दरभंगा में 17-18 जून को लगेगा ‘प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर’, एक ही जगह मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सेवाएं
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा जिले के सभी 18 प्रखंडों में 17 एवं 18 जून को प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस विशेष शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिविर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जहां केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन, पंजीकरण, सत्यापन, ई-केवाईसी और लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविर में आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी, पीएम स्वनिधि, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं, श्रमिक कल्याण बोर्ड योजनाएं, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना तथा राजस्व एवं भूमि सुधार सहित कई योजनाओं की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
सभी योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे और लाभार्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किया जाएगा। यहां प्रशिक्षित कर्मी आवेदकों को सही काउंटर तक पहुंचाने, आवेदन भरने और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने का कार्य करेंगे।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे शिविर में भाग लेने के दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो एवं संबंधित योजना से जुड़े आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक उनके द्वार पर पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ इसकी सफलता सुनिश्चित करनी होगी।