सोनकी और धोई पंचायत में लगा सहयोग शिविर, डीएम कौशल कुमार ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत सोनकी और धोई पंचायत में मंगलवार को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम में दरभंगा ग्रामीण के विधायक राजेश कुमार मंडल, जिलाधिकारी कौशल कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही शिविर में प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निष्पादन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

शिविर के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली विभाग से जुड़े कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि मंगलवार को जिले की विभिन्न पंचायतों और नगर निकाय क्षेत्रों में कुल 48 स्थानों पर सहयोग शिविर आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्राप्त आवेदनों का लगातार निष्पादन किया जा रहा है तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है।

डीएम ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया, ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निवारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।