सीवान जिले के सिसवन डबल मर्डर केस का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; दहशत फैलाने के लिए की गई थी हत्या

दस्तक 7मीडिया /सिवान

सिवान पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सिसवन थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सिसवन थाना क्षेत्र में 2 जून और 5 जून 2026 को दो अलग-अलग हत्या की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों में अज्ञात अपराधियों ने मृतकों की गला काटकर हत्या कर दी थी। अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दोनों मृतक अपने घर के बाहर सो रहे थे तथा दोनों हत्याएं रात करीब 11:30 बजे से 2:00 बजे के बीच की गई थीं। साथ ही दोनों के घर मुख्य सड़क से लगभग 100 मीटर की दूरी पर सुनसान स्थानों पर स्थित थे। इन समानताओं के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे प्रकाश राम के कहने पर इन घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। उनका उद्देश्य क्षेत्र में भय एवं अशांति का माहौल उत्पन्न करना तथा प्रकाश राम के नाम का दहशत फैलाना था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अपराधियों द्वारा 7 जून 2026 को एक और हत्या की योजना बनाई गई थी। हालांकि सिसवन थाना पुलिस और एसआईटी की लगातार निगरानी एवं कार्रवाई के कारण प्रस्तावित घटना को समय रहते विफल कर दिया गया। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से भविष्य में होने वाली अन्य संभावित घटनाओं को भी रोका गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में मृत्युंजय राम, ब्रजेश राम और अभिषेक राम शामिल हैं। वहीं मुख्य आरोपी प्रकाश राम फरार है। पुलिस के अनुसार उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रकाश राम के विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, हत्या के प्रयास, मारपीट, हत्या और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मृतक राकेश राजभर का मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल, एक चाकू, एक धारदार दाब तथा खून लगे कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि मामले के सफल उद्भेदन में सिसवन थानाध्यक्ष पु.अ.नि. चितरंजन कुमार समेत एसआईटी के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सफल कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष एवं उनकी टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की जा रही है।