बिहार पुलिस को साइबर अपराध से निपटने की मिलेगी नई ताकत, पटना में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुरू

दस्तक 7 मीडिया /पटना 

साइबर अपराधों की रोकथाम, प्रभावी जांच तथा डिजिटल साक्ष्य विश्लेषण में बिहार पुलिस की क्षमता को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, बिहार द्वारा दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सरदार पटेल भवन स्थित ऑडिटोरियम, पटना में 15 एवं 16 जून 2026 को आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) के विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा “साइबर सुरक्षा” विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को साइबर अपराध के बदलते स्वरूप, आधुनिक जांच तकनीकों, डिजिटल फॉरेंसिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के वैज्ञानिक विश्लेषण से अवगत कराना है।

इस प्रशिक्षण में राज्य के विभिन्न जिलों से आए पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक तथा साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के विशेषज्ञ पुलिस पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा साइबर ठगी, ऑनलाइन वित्तीय अपराध, सोशल मीडिया अपराध, डिजिटल साक्ष्य संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों में भी तेजी से वृद्धि हो रही है। ऐसे में पुलिस बल को नवीनतम तकनीकों और जांच प्रक्रियाओं से प्रशिक्षित करना समय की आवश्यकता है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बिहार पुलिस की साइबर अपराधों से प्रभावी मुकाबला करने की क्षमता को और सशक्त बनाएगा तथा आम नागरिकों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।